एमसीबी : पीएम आवास योजना शहरी 2.0 को मिली रफ्तार
जिले में 1278 परिवारों को मिलेगा पक्का घर
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत एमसीबी जिले के शहरी क्षेत्रों में बेघर, आवासहीन एवं कच्चे मकानों में रहने वाले पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा पहल तेज कर दी गई है। जिले के सभी नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से पात्र हितग्राहियों के आवेदन शीघ्र मंगाने का आग्रह किया गया है, ताकि योजना की आवेदन प्रक्रिया को और गति दी जा सके। भारत सरकार द्वारा एमसीबी जिले को कुल 1278 आवासों का लक्ष्य प्रदान किया गया है, जिससे सैकड़ों परिवारों के पक्के घर का सपना साकार होगा।
निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नगर पालिक निगम चिरमिरी में 710, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ में 275, नगर पंचायत खोंगापानी में 145, नगर पंचायत जनकपुर में 40, नगर पंचायत झगराखांड में 64 तथा नगर पंचायत नईलेदरी में 44 आवासों का लक्ष्य तय किया गया है। पात्र हितग्राही पीएमएवाई-यू 2.0 के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, वहीं सुविधा के लिए संबंधित नगरीय निकाय कार्यालयों में ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।
आवेदन के लिए मुखिया एवं परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, 100 रुपये के स्टाम्प पर नोटरी शपथ पत्र, बैंक पासबुक की प्रति सहित आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य हैं। पात्रता के अनुसार आवेदक की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम होनी चाहिए तथा उसके नाम से किसी भी शहरी क्षेत्र में पक्का मकान नहीं होना चाहिए।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के तहत नवीन डीपीआर प्रेषित किए जाने हेतु कुल 1278 के अद्यतन लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 134 आवासों की डीपीआर प्रेषित की जा चुकी है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 10 प्रतिशत है। शेष लक्ष्य की पूर्ति के लिए जिला प्रशासन द्वारा नगरीय निकायों के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया को और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर आवेदन कर प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का लाभ लें और अपने परिवार के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक पक्के आवास का सपना साकार करें।

Aaj ka din 












