जल जीवन मिशन से बदली तस्वीर: ग्राम धनौली में हर घर तक पहुंचा शुद्ध पानी, आसान हुआ जीवन,
मनेंद्रगढ़ । ग्राम पंचायत बरौता के अंतर्गत आने वाला ग्राम धनौली विकास और बदलाव की एक प्रेरक मिसाल बनकर उभरा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित जल जीवन मिशन ने इस गांव में न केवल पानी की समस्या का समाधान किया है, बल्कि पूरे जनजीवन को नई दिशा देने का कार्य किया है। एक समय था जब ग्राम धनौली के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। गांव की महिलाएं और बच्चे रोजाना दूर-दराज के कुओं, तालाबों और हैंडपंपों से पानी लाने के लिए घंटों मेहनत करते थे। खासकर गर्मी के मौसम में यह संकट और भी गंभीर हो जाता था, जिससे न केवल समय और श्रम की हानि होती थी, बल्कि जीवन भी प्रभावित होता था।
लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत “हर घर नल से जल” योजना के सफल क्रियान्वयन ने गांव के हर घर तक शुद्ध और सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कर दी है। अब ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता, जिससे उनके दैनिक जीवन में सहजता और सुविधा आई है। इस बदलाव का सबसे बड़ा प्रभाव महिलाओं के जीवन पर पड़ा है। जो महिलाएं पहले घंटों पानी लाने में व्यस्त रहती थीं, अब वे अपने परिवार, बच्चों और अन्य कार्यों पर अधिक समय दे पा रही हैं। इससे उनकी दिनचर्या आसान हुई है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार आया है।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी इस योजना ने उल्लेखनीय परिवर्तन लाया है। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी आई है, जिससे ग्रामीणों का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है। साथ ही बच्चों की पढ़ाई पर भी सकारात्मक असर पड़ा है, क्योंकि अब उन्हें पानी लाने के लिए समय नहीं देना पड़ता।
ग्राम धनौली के लोगों ने इस ऐतिहासिक बदलाव के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन ने हमारे गांव की तस्वीर बदल दी है। अब हमें स्वच्छ पानी के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ता। यह योजना हमारे गांव और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित और समृद्ध बना रही है।
Aaj ka din 












