कोरिया पुलिस ने आधे घंटे में किया सराफा दुकान चोरी का खुलासा, दो महिला आरोपी गिरफ्तार, 100% माल बरामद,

कोरिया पुलिस ने आधे घंटे में किया सराफा दुकान चोरी का खुलासा, दो महिला आरोपी गिरफ्तार, 100% माल बरामद,

बैकुंठपुर। कोरिया पुलिस ने सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का महज आधे घंटे में पर्दाफाश करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए सोने एवं चांदी के आभूषणों की 100 प्रतिशत बरामदगी भी कर ली है।

पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में थाना बैकुण्ठपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह त्वरित कार्रवाई की। प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 को बैकुण्ठपुर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में ग्राहक बनकर पहुंची दो महिलाओं ने लगभग 62 हजार रुपये मूल्य के सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर तत्काल जांच के निर्देश दिए। वे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की।

इसके बाद पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए लगभग 62 हजार रुपये मूल्य के सोने एवं चांदी के आभूषण पूरी तरह बरामद कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुशबू सोनवानी (19 वर्ष) एवं सुनीता सोनवानी (35 वर्ष) निवासी केनापारा, जिला कोरिया (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत धारा 305(अ) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

कोरिया पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और पेशेवर कार्यशैली के चलते चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा हो सका तथा चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया। इस कार्रवाई से व्यापारियों एवं आम नागरिकों में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।