CM साय की बिलासपुर को बड़ी सौगात, 26.93 करोड़ों के कार्यों का करेंगे लोकार्पण और भूमिपूजन

CM साय की बिलासपुर को बड़ी सौगात, 26.93 करोड़ों के कार्यों का करेंगे लोकार्पण और भूमिपूजन

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 29 मार्च को कल बिलासपुर प्रवास के दौरान शहर को विकास की नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण सौगातें देंगे. इस अवसर पर वे अरपा रिवर व्यू के पास नवनिर्मित अटल परिसर में शाम को आयोजित समारोह में 26.93 करोड़ की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे. मुख्यमंत्री द्वारा इनमें लगभग 12.43 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा.

इन कार्यों का होगा लोकार्पण और भूमिपूजन

इनमें प्रमुख रूप से 50 लाख रुपये की लागत से बने अटल परिसर निर्माण कार्य, 73.22 लाख से निर्मित वार्ड क्रमांक 18 में मराठी कन्या शाला भवन में प्रथम तल निर्माण, इमलीपारा में 10 करोड़ की लागत से नवनिर्मित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण और 1.20 करोड़ से बने रक्षित आरक्षी केंद्र निर्माण का लोकार्पण शामिल हैं. ये सभी कार्य शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

भूमिपूजन से विकास को मिलेगा और गति

इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय लगभग 14.50 करोड़ रुपए की लागत वाले नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे. इनमें 12.95 करोड़ की लागत से प्रस्तावित अरपा क्षेत्र में सड़क, नाला एवं पिचिंग निर्माण कार्य, 1.04 करोड़ से बननेवाले जरहाभाठा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण व नवीनीकरण कार्य और उसलापुर क्षेत्र में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा एवं चबूतरा निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्य शामिल हैं. इन परियोजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे में मजबूती आएगी, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. साथ ही सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान को भी बढ़ावा मिलेगा.