"भक्ति के सागर में सराबोर मुख्यमंत्री: कुनकुरी रामकथा महोत्सव के 5वें दिन सपरिवार पहुँचे श्री विष्णुदेव साय, संत समागम से क्षेत्र में हर्ष"
जशपुर/कुनकुरी | 06 अप्रैल 2026 कुनकुरी के सालियाटोली मिनी स्टेडियम में आयोजित भव्य संगीतमय श्रीराम कथा महोत्सव के पांचवें दिन भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ कथा स्थल पहुँचे और परम पूजनीय संत चिन्मयानंद बापूजी के श्रीमुख से प्रभु श्रीराम की महिमा का रसपान किया।
छत्तीसगढ़ के कण-कण में बसे हैं श्रीराम: मुख्यमंत्री
व्यासपीठ को नमन करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की धरती और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "यहाँ भांजे के रूप में भगवान श्रीराम घर-घर में पूजे जाते हैं। वनवास काल का सर्वाधिक समय प्रभु ने इसी दंडकारण्य में बिताया था, यहाँ की मिट्टी में राम की खुशबू है।"
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प से आज भारत पूरी दुनिया में गौरवान्वित है। उन्होंने 'श्री रामलला दर्शन योजना' का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक प्रदेश के लगभग 42 हजार श्रद्धालु अयोध्या के दर्शन कर चुके हैं।
कथा में उमड़ा जनसैलाब, माहौल हुआ राममय
02 अप्रैल से प्रारंभ हुई इस कथा के पांचवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा वातावरण 'जय श्री राम' के नारों से गुंजायमान रहा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रामनामी समुदाय की अटूट भक्ति और अयोध्या भेजे गए ननिहाल के 'भोग' (सुगंधित चावल और सब्जियां) का भी स्मरण किया।
धर्मांतरण रोकने हेतु कड़े कानून का जिक्र
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि अवैध धर्मांतरण को रोकने के लिए छत्तीसगढ़ में 'धर्म स्वातंत्र्य कानून' लागू किया गया है, जिसके कड़े प्रावधानों से इस पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा।
इस अवसर पर गरिमामयी उपस्थिति: कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, श्रीमती संयोगिता सिंह जूदेव, श्री सुनील गुप्ता, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्य आकर्षण एवं तिथियाँ:
-
कथा वाचक: परम पूजनीय संत चिन्मयानंद बापूजी।
-
आयोजन स्थल: सालियाटोली मिनी स्टेडियम, कुनकुरी।
-
समापन: 08 अप्रैल 2026 तक निरंतर चलेगी भक्तिधारा।













