नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने के आरोपी को पटना पुलिस ने किया गिरफ्तार, ठगी के पैसों से खरीदी गई कार को भी पुलिस ने किया जप्त,,,
बैकुंठपुर । बीते 27 मार्च 2026 को थाना पटना क्षेत्रांतर्गत एक गंभीर ठगी के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
प्रार्थिया आरती पटेल पति राजकुमार पटेल, निवासी ग्राम तेंदुआ, थाना पटना, जिला कोरिया द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी संदीप सिंह सारथी निवासी टेंगनी द्वारा माह दिसंबर 2024 में छल, कपट एवं बेईमानी पूर्वक महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर उससे विभिन्न किश्तों में लगभग ₹2,40,000/- रुपए (तथा अन्य राशियाँ ₹44,000/- एवं ₹24,750/-) की ठगी की गई।
इसी प्रकार आरोपी द्वारा स्तुति पटेल एवं प्रियंका कुजूर को आत्मानंद विद्यालय में शिक्षक पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर दोनों से ₹1,80,000/- –₹1,80,000/- रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोपी द्वारा किसी भी प्रार्थी को नौकरी नहीं दिलाई गई तथा छलपूर्वक संपूर्ण राशि हड़प ली गई।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी सुमित सिंह सारथी निवासी टेंगनी द्वारा ठगी की राशि से एक कार क्रय की गई थी, जिसका उपयोग वह कर रहा था। उक्त वाहन (क्रमांक CG 15 K 0226) की किश्त ₹24,700/- प्रतिमाह के हिसाब से अदा की जा रही थी। पुलिस द्वारा उक्त वाहन को 27 मार्च 2026 को आरोपी के कब्जे से विधिवत जप्त किया गया।
आरोपी को 27 मार्च 2026 को समय 16:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर उसकी पत्नी बसंती को गिरफ्तारी की सूचना दी गई। तत्पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय बैकुंठपुर में प्रस्तुत किया गया, जहां से माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के आदेश पर आरोपी को जिला जेल बैकुंठपुर में न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
उक्त संपूर्ण कार्यवाही कोरिया पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राजेश साहू के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पांडे प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी के द्वारा संपन्न की गई।
जन अपील:
थाना पटना पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को राशि न दें। यदि इस प्रकार की कोई भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल थाना पटना को सूचित करें, ताकि ऐसे ठगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके।
Aaj ka din 












