गरीब आदिवासी का मकान तोड़े जाने के विरोध में प्रदर्शन की तैयारी; युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
चिरमिरी। गरीब आदिवासी परिवार का मकान तोड़कर भाजपा द्वारा कार्यालय निर्माण किए जाने के विरोध में जिला युवा कांग्रेस आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को काला झंडा दिखाने जा रही थी। इसके लिए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता चिरमिरी स्थित गोदरीपारा से काला झंडा और काले गुब्बारे लेकर विरोध प्रदर्शन के लिए निकलने की तैयारी में थे।
लेकिन प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही चिरमिरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकते हुए हाउस अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पार्षद कार्यालय में बंद कर विरोध कार्यक्रम को आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस कार्रवाई के दौरान युवा कांग्रेस महासचिव एवं पार्षद राहुल भाई पटेल, पूर्व पार्षद एवं युवा कांग्रेस नेता शिवांश जैन, युवा कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव सदाशिव बारीक, युवा कांग्रेस विधानसभा महासचिव प्रिंस शाही, विधानसभा उपाध्यक्ष अशरफ अली, जितेंद्र साव, राहुल मालिक, तथा परवेज खान, विश्वदीप दास गुप्ता, दिनेश राही, संजय सिरदार, अभय कुमार, विक्रम सिंह चौहान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों की आवाज दबाने और विरोध को कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी परिवार के साथ हुए अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।













