जिले के उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी,3924 किसानों से खरीदी गई 25384.12 मेट्रिक टन धान
Rishi thawait aajkadinnews
जशपुरनगर, 09 दिसम्बर 2025/ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। 8 दिसंबर तक कुल 3924 किसानों से 25384.12 मेट्रिक टन धान खरीदी की जा चुकी है । इसके एवज में 60.86 करोड़ रुपए से अधिक राशि का भुगतान किया जा चुका है। किसानों के बैंक खाते में राशि का हस्तांतरण सतत् रूप से भी जारी है। जिले के 24 समितियों के 46 उपार्जन केंद्रों में निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार खरीदी कार्य नियमित रूप से की जा रही है, किसानों को सुचारु और सहज प्रक्रिया का लाभ मिल रहा है।


किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उपार्जन केंद्रों में टोकन प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, नमी मापक उपकरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। किसान निर्धारित तिथि के अनुसार धान बेचने उपार्जन केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा केंद्रों में किसानों के लिए बैठने, पीने के पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही धान खरीदी के लिए केन्द्रों में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध है, जिससे खरीदी कार्य निर्बाध रूप से जारी है।
किसानों का मानना है कि धान खरीदी के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई टोकन तुंहर एप्प की ऑनलाईन व्यवस्था से टोकन प्राप्त करने और धान बेचने में सहुलियत हो रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व और किसान हितैषी नीतियों के चलते किसानों को जहां उनकी मेहनत का वाजिम दाम मिला हैं, वहीं किसानों का सम्मान भी बढ़ा है। राज्य सरकार अपने घोषणा के अनुरूप प्रति एकड़ 21 क्विंटल समर्थन मूल्य एवं कृषि उन्नति योजना के तहत 31 सौ रूपए प्रति क्विंटल की भाव से धान खरीदी कर रही है।













