बलरामपुर : पीपरसोत के ग्रामीणों का दुःख बांटने पहुंचे मंत्री नेताम

बलरामपुर : पीपरसोत के ग्रामीणों का दुःख बांटने पहुंचे मंत्री नेताम

शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढ़स

ओरसा घाटी में हुई हृदयविदारक बस दुर्घटना के बाद, प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम आज ग्राम पीपरसोत पहुँचे। ग्रामीणों के बीच पहुँचकर उन्होंने हादसे में अपनों को खोने वाले परिजनों के साथ बैठकर उनका ढांढस बंधाया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। मंत्री श्री नेताम ने कहा कि इस आकस्मिक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और पीड़ित परिवारों की इस अपूरणीय क्षति की भरपाई करना संभव नहीं है, किंतु राज्य सरकार इस दुखद घड़ी में हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। ग्राम पीपरसोत में आत्मीय चर्चा के दौरान जब परिजनों ने अपनों के अंतिम क्रिया-कर्म हेतु वाराणसी (बनारस) जाने की इच्छा जताई, तो मंत्री जी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बनारस जाने हेतु सुरक्षित परिवहन करने की बात कही।

इस दौरान ग्रामीण परिवारों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याओं को भी रखा जिस पर उन्होंने समाधान के लिए आश्वस्त किया। मंत्री श्री नेताम ने मौके पर ही उपस्थित अनुविभागीय अधिकारी को निर्देशित कर आवश्यक निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ प्रभावितों तक मदद पहुंचाएं। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को घायलों के बेहतर उपचार, देखभाल के सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें घर पर ही सुचारू उपचार मिल सके।

घायलों से मिले कृषि मंत्री
जिला चिकित्सालय पहुँचकर मंत्री श्री रामविचार नेताम ने घायलों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से आत्मीय संवाद करते हुए डॉक्टरों को निर्देश दिया कि बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं। मंत्री ने कहा कि प्रत्येक घायल का शीघ्र स्वस्थ होना हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव चिकित्सीय संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान मंत्री श्री नेताम ने घायलों को आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धीरज सिहंदेव, रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश जायसवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।