बहराइच से धीरेंद्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट
बहराइच : नवाबगंज के छत्रपति शाहूजी नेशनल स्कूल हरिहरपुर में समरसता सह भोज व कंबल वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसके मुख्य अतिथि हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजदेव सिंह रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के बिना देश का विकास संभव नहीं है, इसलिए हमे सारे भेदभाव मिटाकर सभी वर्गों के साथ समरसता का भाव रखना होगा। राष्ट्र के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि हिन्दू युवा वाहिनी ने स्वच्छता अभियान समरसता सह भोज व कंबल वितरण में अपनी अहम भूमिका निभाते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरे मनोयोग से किया। लगभग 2 लाख रुपये के कंबल हियुवा ने अपनी ओर से पूरे जिले में वितरित किया है। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद इंद्र बहादुर सिंह जी ने कहा कि बहराइच महात्मा बुद्ध व बालार्क ऋषि की तपोभूमि व कर्मभूमि रही है, इसलिए यहां जो समरसता का भाव दिखाई देता है वह शायद ही कहीं और देखने को मिले। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच सके, इसके लिए प्रशासन तत्पर है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। हियुवा के ब्लॉक अध्यक्ष सुमित पटेल जी के द्वारा मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इसके बाद समरसता सहभोज का आयोजन किया गया। इसमें तकरीबन एक हजार लोगों ने भाग लिया। इस दौरान 400 से अधिक गरीबों, निराश्रितों, जरूरतमंदों व दिव्यांगों को कंबल वितरित किए गए। इस मौके पर आशीष त्रिपाठी राज कुमार सिंह जितेंद्र कनौजिया बृजेश पाठक अजीत सिंह पवन शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।