slider
slider

रतलाम में जिला स्तरीय इंस्पायर अवॉर्ड मानक प्रदर्शनी का आरंभ स्थानीय चंपा विहार में हुआ...

news-details

भरत शर्मा रतलाम

रतलाम,04जनवरी आज का दिन न्यूज पोर्टल: रतलाम में जिला स्तरीय इंस्पायर अवॉर्ड मानक प्रदर्शनी का आरंभ स्थानीय चंपा विहार में हुआ। शुभारंभ कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. इंद्रजीत बाकलवार मौजूद थे। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी के.सी. शर्मा, डीपीसी अमर वरदानी, आर.के. त्रिपाठी, अशोक लोधा, जीतेन्द्र जोशी तथा शिक्षकगण, विद्यार्थी उपस्थित थे।

 

इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी में इस वर्ष 212 विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित किये गए हैं। इस वर्ष रतलाम जिले से 2087 पंजीयन पोर्टल पर किए गए थे, इनमें से 260 मॉडल चयनित किए जाकर विद्यार्थियों को 10-10 हजार रूपए मॉडल बनाने के लिए दिए गए। विद्यार्थियों द्वारा मॉडल बनाने में विभिन्न विषयों पर अपनी अन्वेषण क्षमता एवं प्रतिभा का परिचय दिया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन अतिथियों द्वारा किया गया, विद्यार्थियों की सराहना की गई।

 

शुभारंभ कार्यक्रम में बोलते हुए अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि प्रदेश से विज्ञान मॉडल बनाए जाने हेतु रतलाम जिले से सबसे ज्यादा पंजीयन किए गए हैं। यह दर्शाता है कि जिले के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, उत्सुकता एवं नवाचारों के लिए सकारात्मकता का भाव है। आपने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में नए-नए प्रयोग करते हुए अपने माता-पिता एवं जिले का नाम रोशन करें, वैज्ञानिक अध्ययन मन लगाकर करें। अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारें, इसमें शिक्षकों का भी बड़ा महत्वपूर्ण योगदान होता है।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. इंद्रजीत बाकलवार ने कहा कि बाल मन में वैज्ञानिक बनने की सूक्ष्म प्रतिभा को निखारकर उसे आकार देने की जिम्मेदारी शिक्षकों की होती है। इस संदर्भ में जिले के शिक्षकों ने महती योगदान दिया है। जिले से सर्वाधिक पंजीयन पोर्टल पर होना इसका उदाहरण है। हमें चाहिए कि हम विद्यार्थियों को सदैव कुछ अच्छा करने के लिए प्रोत्साहित करते रहें।

 

प्रोत्साहन एवं सकारात्मक वातावरण बाल वैज्ञानिकों को आगे आने के लिए प्रेरित करता है। आपने भी विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे जाने के लिए शुभकामनाएं दी। प्रारंभ में जिला शिक्षा अधिकारी के.सी. शर्मा ने इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी के आयोजन पर प्रकाश डाला। संचालन अशोक लोधा ने किया।

whatsapp group
Related news