slider
slider

ममता बनर्जी का केंद्र सरकार से बढ़ सकता है विवाद...इस बार भी गणतंत्र दिवस की परेड में नहीं दिखेगी बंगाल की झांकी

news-details

नयी दिल्ली : दिल्ली के राजपथ पर 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में इस बार भी पश्चिम बंगाल की झांकी देखने को नहीं मिलेगी। रक्षा मंत्रालय ने बंगाल सरकार की झांकी का प्रस्ताव खारिज कर दिया है। मंत्रालय द्वार बुधवार को यह जानकारी दी गई कि इस प्रस्ताव को दो बार विशेषज्ञ समिति के पास भेजा गया जहां दूसरी बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद केंद्र सरकार ने इसे खारिज कर दिया। माना जा रहा है कि इससे केंद्र सरकार और बंगाल की ममता सरकार के बीच का विवाद बढ़ सकता है। बता दें कि इसके पूर्व 2018 में हुई गणतंत्र दिवस परेड में भी बंगाल की झांकी को शामिल नहीं किया गया था।

22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई

इस वर्ष होने जा रही परेड में ब्राजील के राष्ट्रपति जैर बोल्सोनारो मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। परेड के लिए कुल 56 झांकियों के प्रस्ताव सरकार को प्राप्त हुए थे जिनमें से 22 प्रस्तावों को ही मंजूरी दी गई है। मंत्रालय के अनुसार, परेड की प्रकिया के अनुसार इसके पूर्व बंगाल सरकार की झांकी का चयन किया गया था। वर्ष 2020 में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए कुल 56 झांकियों के प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। झांकियों के चयन के लिए विशेषज्ञ समिति ने 5 दौर की बैठक की। प्राप्त प्रस्तावों से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 16 झांकियों को चुना गया। साथ ही मंत्रालयों तथा विभागों की 6 झांकियों को मंजूरी दी गई है।

रक्षा मंत्रालय देता है झांकियों को मंजूरी

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष दिल्ली के राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में झांकियों के प्रदर्शन के लिए देश के राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों से प्रस्ताव आमंत्रित किए जाते हैं। एक विशेषज्ञ समिति द्वारा प्राप्त प्रस्तावों का चयन किया जाता है। चयन करने वाली इस समिति में कला, संस्कृति, चित्रकला, मूर्तिकला, संगीत, वास्तुकला और नृत्यकला से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद होते हैं। समिति द्वारा चयनित प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय को भेजे जाते हैं। इसके बाद रक्षा मंत्रालय द्वारा सीमित संख्या में झांकियों को मंजूरी दी जाती है।

2018 में भी नहीं मिली थी मंजूरी

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को लेकर पहले से ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्र सरकार के बीच घमासान छिड़ा हुआ है। गणतंत्र दिवस परेड में बंगाल की झांकी को शामिल न किए जाने से दोनों सरकारों के बीच की खाई और भी गहरा गई है। इससे पहले 2018 की परेड के लिए भी बंगाल की झांकी के प्रस्ताव को खारिज किया गया था।

whatsapp group
Related news