slider
slider

जिले वासियों ने स्वास्थ्य एवं मातृशक्ति पर आधारित मासिक रेडियो कार्यक्रम लोकवाणी का श्रवण किया

रायपुर- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी कार्यक्रम का श्रवण किया। छत्तीसगढ़ की संस्कृति में मातृशक्ति की पूजा की परम्परा का उल्लेख करते हुए अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि श्रोताओं की लगातार बढ़ रही भागीदारी ने इस कार्यक्रम को और अधिक उपयोगी बनाया है। माताओं-बहनों ने राज्य सरकार के सुपोषण अभियान की सराहना करते हुए इसे गर्भवती और शिशुवती माताओं के लिए लाभदायक बताया।

मुख्यमंत्री  बघेल ने कहा कि राज्य में अब नई सरकार बनने के बाद यहां महिलाओं की तरक्की व स्वास्थ्य विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महिलाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य में पहली बार तीजा तथा हरेली जैसे त्यौहारों में अवकाश घोषित किए गए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में त्यौहारों का एक समृद्ध इतिहास है। यहां हरेली, तीजा के बाद इसी माह क्वांर में नवरात्र पर्व भी उत्साह के साथ मनाया गया। प्रदेश के चारों ओर दंतेश्वरी मैया, बम्लेश्वरी मैया, चन्द्रहासिनी दाई, महामाया दाई और गांव-गांव में शीतला मैया, देवी के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की गई। इस तरह गावों में रामलीला और आदिवासी अंचल बस्तर में दशहरा पर्व मनाया गया। उन्होंने कहा कि आगामी 27, 28 और 29 दिसंबर को राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें विकासखण्ड स्तर पर भी प्रतियोगिता होगी। चुने हुए नृत्य दल जिला तथा राज्य स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। इससे ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा। महोत्सव में पूरे देश से आए आदिवासी नृत्य दलों का प्रदर्शन भी होगा।

मुख्यमंत्री  बघेल ने बताया कि त्यौहारों की इस श्रृंखला में शरद पूर्णिमा के अवसर पर रात में अमृत बरसेगा और यहां रामधुनी का कार्यक्रम लोगों में उल्लास भरेगा। इसके बाद लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा, भाई-दूज आदि का पर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा। हमारे यहां गौरा-गौरी, गोवर्धन पूजा और मातर-भाईदूज के साथ पडक़ी-सुवा और राउत नाचा से दीवाली के रंग चटख होते हैं। इसलिए हमने गौरा-गौरी उत्सव और गोवर्धन पूजा को ’गौठान दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। त्यौहारों का पूरा सिलसिला हमारी समृद्ध संस्कृति के स्मरण और उत्थान तथा हमारी मातृशक्ति को जागृत करता है। इस मातृशक्ति के सम्मान तथा नारी के उत्थान के लिए हमारी सरकार द्वारा महात्मा गांधी 150वीं जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2019 को छत्तीसगढ़ में ’सुपोषण अभियान’ की शुरूआत की गई है। मुख्यमंत्री  बघेल ने कहा कि सुपोषण अभियान बच्चों में कुपोषण दूर करने सहित गर्भवती माताओं तथा शिशुवती माताओं के लिए बहुत फायदेमंद है। जच्चा और बच्चा का बेहतर स्वास्थ्य हमारी पहली प्राथमिकता में है। प्रदेश में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध मिले इसके लिए विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए ’मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना’ तथा ’मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना’ की शुरूआत की गई है। लोकवाणी कार्यक्रम का नगर पालिका परिषद् महासमुन्द एवं नगर पालिका सरायपाली के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बड़े उत्साह के साथ श्रवण किया।

 

 

whatsapp group
Related news